शनिवार, 18 जुलाई 2020

मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दी दमोह के पत्रकारों को सौगात,बनेगा वृहद प्रेस क्लब

25 सितम्बर को होगा भूमि पूजन,गांधी,दीनदयाल,डा.लोहिया की प्रतिमायें लगेंगी

डा.हंसा वैष्णव
दमोह/18 जुलाई (हिस) लम्बे समय से मेरे मन में यह बात थी कि कुछ होना चाहिये और विचार को जब मूर्त रूप देने की बात आयी तो निर्णय लिया कि प्रेस से में बात करूंगा और आज आप सबको आमंत्रित किया है यह बताने कि दमोह में एक वृहद प्रेस क्लब बनाने का निर्णय लिया है यह बात दमोह संसदीय क्षेत्र के सांसद तथा भारत सरकार के केन्द्रीय पर्यटन संस्कृति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कही। दमोह में अपने निज निवास पर उन्होने स्थानीय पत्रकारों के साथ चाय नाश्ता करते हुये कहा कि क्षेत्र में विकास की अनेक संभावनायें हैं और इन पर कार्य तीव्र गति से चल रहा है। उन्होने कहा कि दमोह जिला मुख्यालय पर बेलाताल के समीप ही एक वृहद प्रेस क्लब सर्व सुविधायुक्त भवन बनाने का निर्णय हमने लिया है। श्री पटेल ने कहा कि बेलाताल को स्वच्छ करने के बाद अब सौन्द्रीयकरण की बात है जिसको समय सीमा में पूरा कर लिया जायेगा। कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होने जा रहा है वहीं प्रेस क्लब भवन का भूमि पूजन पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर 25 सितम्बर को होगा। प्रेस क्लब का संचालन प्रारंभिक तीन बर्षों तक वह स्वयं करेंगे बाद में पत्रकारों की कमेटी इसको चलायेगी। 

लम्बे समय की मांग,पूरा किया भाजपा कार्यकर्ता ने-

ज्ञात हो कि उक्त प्रेस क्लब भवन को लेकर दशकों से मांग चल रही थी लेकिन किसी ने भी इस दिशा में ध्यान नहीं दिया। वहीं भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता,दमोह संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं भारत सरकार के केन्द्रीय पर्यटन संस्कृति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने इस दिशा मे ंसोचा ही नहीं अपितु पूरी योजना को बनाकर अचानक पत्रकारों को बुलाकर योजना को सामने रखकर सबको चैंका दिया। 

तीन महापुरूषोे की मूर्तियां लगेंगी एक साथ-

मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि दमोह जिला मुख्यालय पर तीन महान विचारक,चिंतक एवं समाज की सेवा और चिंता करने वाले महापुरूषों की आदमकद प्रतिमाओं को लगाने का निश्चय किया है। महात्मा गांधी,पं.दीन दयाल उपाध्याय,डा.राम मनोहर लोहिया की प्रतिमायें एक साथ एक ही स्थान पर लगने जा रही हैं। जानकारों की माने तो भारत में प्रथम अवसर होगा जब उक्त तीन महापुरूषों की प्रतिमाओं को एक साथ एक ही स्थान पर लगाया जायेगा। श्री पटेल स्थानीय फुटेरा तालाब के विकास सौंन्द्रीयकरण के साथ सिंग्रामपुर सहित अनेेक विकास की योजनाओं पर चर्चा,योजना और सुझाव पर चर्चा की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें